Vedant Samachar

Korba Breaking : एशियन ओपनबिल स्टॉर्क पक्षी का शिकार करने वाला गिरफ्तार, एक को पकाकर खा गया था युवक

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 08 अक्टूबर I कोरबा के कनकेश्वर धाम में संरक्षित पक्षी घोंघिला (एशियन ओपनबिल स्टॉर्क) के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी समार सिंह धनवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गुलेल से तीन पक्षियों का शिकार किया था। इनमें से एक पक्षी को पकाकर खा लिया गया था। दो अन्य पक्षी आरोपी के घर से बरामद हुए। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। यह घटना करतला वन परिक्षेत्र के ग्राम कनकेश्वर धाम की है।

सूचना पर वन विभाग की टीम ने कनकी निवासी 20 वर्षीय समार सिंह के घर छापा मारा। आरोपी को पक्षी की सब्जी बनाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने एक पक्षी को मारकर सब्जी बनाना स्वीकार किया। टीम ने उसके घर की रसोई से एक मृत पक्षी और एक घायल पक्षी बरामद किया।

घायल पक्षी के पैर में चोट के निशान थे, जिसका इलाज जारी है। युवक ने बताया कि उसने गांव के मंदिर के पीछे गुलेल से तीन पक्षियों का शिकार किया था। वन परिक्षेत्र अधिकारी रघुनाथ सिंह राठिया ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई।

आरोपी को वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। वन विभाग कनकेश्वर धाम में एशियाई ओपन बिल स्टॉर्क पक्षी के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

Share This Article