क्रूज रेव पार्टी मामला : सैनिटेरी पैड्स में ड्रग्स छिपा कर ले गई थी मुनमुन धामेचा,सामने आया VIDEO

मुंबई 10 अक्टूबर (वेदांत समाचार) ‘नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB)’ ने क्रूज पर चल रही रेव पार्टी से बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे के अलावा उनके दोस्त अर्बज मर्चेन्ट और मुनमुन धामेचा को भी गिरफ्तार किया था। ये भी सामने आया था कि किस तरह मुनमुन धामेचा ने अपनी सैनिटेरी पैड्स में ड्रग्स को छिपा कर रख लिया था। अब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसके बारे में मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि इसे NCB ने जारी किया है।

रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एनसीबी ने बताया है कि यह मुनमुन के कमरे से बरामदगी का वीडियो है और इसे क्रूज पर तलाशी के दौरान बनाया गया था. 28 सेकेंड के इस वीडियो में दिख रहा है कि सैनिटरी पैड के अंदर एक कागज की पुड़िया में ड्रग पिल छिपाई गई है। हालांकि TCP 24  इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। विदित हो कि मुनमुन अभी न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।

NCB ने मुनमुन के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(c), 20(b), 27 और 35 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में रखा गया हैं। कई पार्टियों का हिस्सा रहीं मुनमुन पेशे से मॉडल हैं। गुरु रंधावा, सुयश राय और अर्जुन रामपाल जैसी हस्तियों के साथ उन्हें देखा गया है। मूल रूप से मध्य प्रदेश के सागर की रहने वाली मुनमुन की पढ़ाई भोपाल में हुई और 2014 से वो अपने भाई के साथ दिल्ली में रहती हैं।

उनके भाई एक प्राइवेट कंपनी में बड़े पोस्ट पर कार्यरत हैं। सागर में उनके घर पर ताला जड़ा हुआ है। इंस्टाग्राम पर उनके 29 हजार फॉलोवर्स हैं और वो अक्सर अपने शूट के विडीयोज शेयर करती रहती थीं। NCB ने पाया है कि रेव पार्टी में पैंट की सिलाई में, महिलाओं के पर्स के हैंडल में, अंडरवियर के सिलाई वाले हिस्से में और कॉलर की सिलाई में ड्रग्स छिपा-छिपा कर ले जाया गया था। ये मामला अदालत में चल रहा है।