दो मजदूरों के आपसी विवाद को सुलझाने में हुई हत्‍या

इंदौर, 9 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। खुड़ैल थाना क्षेत्र के एक खेत में दो मजदूरों के आपसी विवाद को सुलझाने पास में काम कर रहा मजदूर गया तो दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत बिगड़ी तो उसे तिलकनगर के निजी अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।

खुड़ैल थाना टीआइ महेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि गुरुवार को कपालखेेड़ी इलाके के एक खेत में जिला देवास ग्राम बागली का रहने वाला भगवान पुत्र सोमाजी कुर्मी काम कर रहा था। इसी दौरान गोविंद और पप्पू आपस में झगड़ने लगे, भगवान दोनों को सुलझाने गया तो दोनों ने हमला कर दिया। उसे इलाज के लिए पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से भगवान को तिलक नगर के निजी अस्पताल लाया गया, लेकिन उपचार के दौरान भगवान ने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। भगवान दो सालों से गांव के कल्लू दा के खेत पर काम कर रहा था, उसके दो बेटे और पत्नी है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। आरोपित भी खेत में मजदूरी करते हैं।

मोबाइल लूट कर भागे बाइक सवार दो बदमाश

छोटी खजरानी में रहने वाले 26 वर्षीय दीपक पुत्र सुमर सिंह चौरिया ने विजय नगर थाने में मोबाइल लूट की शिकायत की है। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है। दीपक ने पुलिस को बताया कि वे बड़ी भमौरी मैकेनिक नगर स्थित निजी अस्पताल के पास से फोन पर बात करते हुए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए और हाथ से मोबाइल छीनकर ले गए। घटना रात करीब 10 बजे की है। आसपास अंधेरा होने के कारण बदमाशों ने इसका फायदा उठाया।