- ग्राम खोरशी में हुई दर्दनाक घटना, क्षेत्र में शोक की लहर
पामगढ़, 6 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। पामगढ़ तहसील के ग्राम खोरशी से सर्पदंश की एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। गांव के 76 वर्षीय वरिष्ठ व्यापारी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री फिरंगी लाल साहू का शनिवार रात साँप के काटने से निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात लगभग 9 बजे श्री साहू अपनी दुकान बंद करने के बाद बाहर रखे सामान को अंदर रख रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले साँप ने उन्हें डस लिया। परिजन तत्काल उन्हें खरौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुँचे, जहाँ हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जांजगीर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में उनका निधन हो गया।
स्वर्गीय फिरंगी लाल साहू न केवल एक सफल व्यापारी थे, बल्कि सामाजिक व राजनीतिक रूप से सक्रिय व्यक्ति भी थे। वे कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, गौठान अध्यक्ष एवं मंडी अध्यक्ष पद पर रह चुके थे। अपने सरल स्वभाव, सौम्यता और जनसेवा भावना के कारण वे क्षेत्र में अत्यंत सम्मानित व्यक्तित्व माने जाते थे।
उनके परिवार में चार पुत्र एवं तीन पुत्रियाँ हैं, जिनमें से दो पुत्रों का लगभग चार माह पूर्व ही निधन हो चुका था। अब उनके दो बेटे, बेटियाँ और नाती–पोते परिवार में शेष हैं।
उनके निधन पर पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। विधायक हरवंश ने कहा —
“फिरंगी साहू जी एक मिलनसार, समाजसेवी और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ता थे। उनका जाना क्षेत्र और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
स्वर्गीय साहू का अंतिम संस्कार सोमवार 6 अक्टूबर को ग्राम खोरशी के मुक्तिधाम में किया गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।



