Vedant Samachar

बिलासपुर पुलिस ने सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुई अंग्रेजी शराब दुकान की चोरी का किया खुलासा

Vedant samachar
2 Min Read


बिलासपुर, 30 सितम्बर (वेदांत समाचार)। बिलासपुर के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में नारियल कोठी दयालबंद स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि चोरी गया मशरूका आंशिक रूप से बरामद कर लिया गया है।

दिनांक 28.09.2025 को प्रार्थी मिनेश कुमार दिनकर ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी हुई है। दुकान का रोशनदान टूटा हुआ था और सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को चोरी करते हुए देखा गया था। रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 529/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबीर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मधुबन मरघट के पास से एक युवक को पकड़ा। पूछताछ पर उसने अपना नाम अर्जुन यादव बताया और अपने साथी शिवा वर्मा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी अर्जुन यादव से 15,410 रुपये नगदी बरामद कर जप्त किया गया।

आरोपी अर्जुन यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी शिवा वर्मा की तलाश जारी है। बिलासपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी गया मशरूका आंशिक रूप से बरामद कर लिया।

Share This Article