उन्होंने कहा कि कोल अफसरों का तो भुगतान कर दिया, लेकिन कामगारों की बारी आई तो प्रबंधन कोर्ट की आड़ ले रहा है।
कोरबा, 23 सितम्बर। कोयला कामगारों का बोनस तय करने वाली मानकीकरण समिति की बैठक स्थगित होने का मामला गरमाता जा रहा है। एचएमएस ने दशहरा तक सवा लाख रुपए अग्रिम बोनस भुगतान नहीं होने पर कोयला उत्पादन ठप करने की चेतावनी दी है।मंगलवार को हिंद मजदूर सभा (HMS) के जनरल सेक्रेटरी हरभजन सिंह सिद्धू ने एक वीडियो संदेश जारी किया।
इस वीडियो में श्री सिद्धू के साथ शिवकुमार यादव एवं शिवकांत पाण्डेय भी हैं। हरभजन सिंह सिद्धू ने मानकीकरण समिति की बैठक स्थगित होने के लिए कोल इंडिया (CIL) प्रबंधन को सीधे जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कोल अफसरों का तो भुगतान कर दिया, लेकिन कामगारों की बारी आई तो प्रबंधन कोर्ट की आड़ ले रहा है। हाईकोर्ट ने बोनस वितरण पर रोक नहीं लगाई है।
एचएमएस नेता ने कहा कि नियमित कोयला कामगारों को सवा लाख रुपए बोनस का भुगतान होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दशहरा के पहले तक इस राशि का भुगतान नहीं किया गया तो कोयला खदानों में काम ठप करा दिया जाएगा। श्री सिद्धू ने बोनस की लड़ाई के लिए अन्य यूनियन के साथ संघर्ष समिति के गठन की भी बात कही।



