कोरबा, 21 सितम्बर (वेदांत समाचार)। कोरबा में 23 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर एक वृहद निशुल्क आयुर्वेद-एक्यूप्रेसर-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका रोड कोरबा में प्रातः 11 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर का आयोजन भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ, भाजपा कोसाबाड़ी मंडल कोरबा, आयुष मेडिकल एसोसिएशन एवं लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर 02 अक्टूबर तक देशभर में चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत हो रहा है। वर्ष 2025 की थीम “जन-जन के लिए आयुर्वेद, धरती के लिए आयुर्वेद” के तहत यह शिविर आयोजित है। शिविर में निशुल्क रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) जांच, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) जांच, स्त्री, पुरुष एवं बच्चों के सभी सामान्य, साध्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों हेतु वृहद निशुल्क आयुर्वेद-एक्यूप्रेसर-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार दिया जाएगा। रोगियों को उनके रोगोपचार संबंधी लाभकारी दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार, विहार, योग-प्राणायाम के विषय में व्यक्तिगतरूप से विस्तार से परामर्श दिया जाएगा।
शिविर में निशुल्क औषधि वितरण और उपयोगी लाभकारी स्वास्थ्य पुस्तिका निःशुल्क प्रदान की जाएगी। शिविर प्रभारी डॉ.संजय वैष्णव, डॉ.राजेश राठौर एवं डॉ.नागेंद्र नारायण शर्मा ने अंचलवासियों से इस विशेष वृहद निशुल्क आयुर्वेद-एक्यूप्रेसर-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन कराने हेतु मोबाईल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर जांच हेतु निर्धारित समय प्राप्त किया जा सकता है।



