Vedant Samachar

हमारा मुख्य लक्ष्य विश्व शांति को बढ़ावा देना : ट्रंप…

Vedant Samachar
2 Min Read

वाशिंगटन,20 सितम्बर । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका मुख्य लक्ष्य ‘विश्व शांति’ को बढ़ावा देना है। ट्रंप ने कहा कि विश्व शांति के लिए उनसे बेहतर काम किसी ने नहीं किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले आठ महीने के कार्यकाल में सात युद्ध सुलझाने का दावा किया है। ‘द व्हाइट हाउस’ से जारी एक वीडियो के हवाले से बताया गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हम रूस-यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और मैंने इस बारे में बात की है और मुझे विश्वास है कि वह भी इसे पूरा होते देखना चाहेंगे। मुझे लगता है कि वह हमारी मदद करने के लिए हमारे साथ काम करेंगे।

ट्रंप ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपने संबंधों के बावजूद यूक्रेन में संघर्ष को रोकना ‘सबसे कठिन’ था। पिछले कुछ महीनों में हमने जो किया, वह किसी ने नहीं किया। हमने सात युद्ध रोके। हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि रूस और यूक्रेन युद्ध के बारे में उन्हें लगा था कि वह शायद सबसे आसान होगा, लेकिन वह सबसे कठिन साबित हुआ।

संयुक्त राष्ट्र महासभा की उच्च स्तरीय बैठक 22 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र स्थापना की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुरू होगी। बैठक के एजेंडे के बारे में पूछे जाने पर शुक्रवार को ट्रंप ने कहा, ‘विश्व शांति’। ट्रंप ने कहा, विश्व शांति के लिए मैंने सात युद्ध रोके। उन्होंने इसका श्रेय अपनी नीतियों को दिया और कहा कि इनमें ईरान के तीन परमाणु प्रतिष्ठानों पर हवाई हमले शामिल नहीं हैं, जिन्हें अमेरिका ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया था।

ट्रंप ने इन हमलों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि उन्होंने कुछ और बम मंगवाए थे, जिसमें बी-2 बमवर्षक से दागे गए बम भी शामिल थे। उनका कहना है कि हर एक बम अपने लक्ष्य पर लगा। इसके अलावा, उन्होंने एक पनडुब्बी से 30 बम दागने का भी उल्लेख किया।

Share This Article