Vedant Samachar

धमतरी पुलिस ने 50 से अधिक मोडिफाईड सायलेंसर जप्त कर रोड रोलर से किया गया नष्टीकरण

Vedant samachar
2 Min Read


धमतरी, 20 सितम्बर (वेदांत समाचार)। धमतरी पुलिस की यातायात शाखा ने जिले में चलाए जा रहे यातायात नियमों के पालन और प्रदूषण नियंत्रण हेतु विशेष अभियान के तहत बुलेट मोटरसाइकल में लगाए गए अवैध मोडिफाईड सायलेंसरों पर कड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 50 से अधिक मोडिफाईड सायलेंसर जप्त कर रोड रोलर से नष्टीकरण किया गया।

धमतरी पुलिस को लगातार आम नागरिकों से शिकायत मिल रही थी कि कुछ वाहन चालक अपने मोटरसाइकल, विशेषकर बुलेट मोटरसाइकल में मोडिफाईड सायलेंसर लगाकर तेज और असामान्य ध्वनि उत्पन्न करते हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया और विभिन्न स्थानों पर चेकिंग करते हुए 50 से अधिक वाहनों से मोडिफाईड सायलेंसर जब्त किए। जप्त किए गए सभी सायलेंसरों को यातायात थाने परिसर में रोड रोलर चलाकर सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया।

वाहन मालिकों और चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि भविष्य में अपने वाहन में मोडिफाईड सायलेंसर अथवा प्रेशर हार्न का उपयोग न करें। यदि दोबारा ऐसे वाहन पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धमतरी पुलिस की अपील है कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में सभी की सहभागिता आवश्यक है, मोडिफाईड सायलेंसर और प्रेशर हार्न का उपयोग न केवल गैरकानूनी है बल्कि स्वास्थ्य और शांति के लिए भी हानिकारक है। मोटरयान अधिनियम का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित यात्रा करें। धमतरी पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर इसी प्रकार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article