Vedant Samachar

3 शादियां, 5 बच्चे, फिर भी अकेले क्यों जी रहे हैं लकी अली? आजकल क्या कर रहे हैं फेमस सिंगर

Vedant Samachar
4 Min Read

मुंबई : बॉलीवुड के मोस्ट पॉपुलर कॉमेडियन महमूद का नाम तो आपने सुना ही होगा. लोगों ने उम्मीद लगाई थी कि उनके बेटे लकी अली भी कॉमेडी ही करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ क्योंकि वो इंडस्ट्री के जबरदस्त सिंगर साबित हुए. उन्होंने एक से बढ़कर एक गाने दिए. फिल्मों के अलावा लकी अली ने म्यूजिक एल्बम के जरिए भी कमाल के गाने दिए लेकिन काफी समय से उनका कोई गाना सुनने को नहीं मिला है. आजकल लकी अली कहां और क्या कर रहे हैं, आइए उनके जन्मदिन पर ये जानते हैं.

19 सितंबर 1958 को मुंबई में जन्में मकसूद महमूद अली को हम सभी लकी अली के नाम से जानते हैं. कॉमेडियन महमूद के आठ बच्चों में लकी अली दूसरे नंबर के हैं और इंडस्ट्री में इन्होंने अपने पिता से हटकर गायकी में खास पहचान बनाई. 1978 में रिलीज हुई फिल्म ‘एक बाप छे बेटे’ के गाने ‘वॉकिंग ऑल अलॉन्ग’ से बतौर प्लेबैक सिंगर लकी अली ने करियर की शुरुआत की.

लकी अली का फिल्मी करियर कैसा रहा?
1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘दुश्मन दुनिया के’ डायरेक्टर और प्रोड्यूसर महमूद थे और इस फिल्म से उन्होंने अपने दूसरे बेटे मंजूर अली को लॉन्च किया था और इसी फिल्म में लकी अली का गाना ‘नशा नशा’ भी था जो हिट हुआ था. इसके बाद लकी अली ने ‘एक पल का जीना’, ‘ना तुम जानो ना हम’, ‘ओ सनम’, ‘सफरनामा’, ‘हैरत’, ‘आ भी जा’, ‘तेरी याद जब आती है’ जैसे कमाल के गाने फिल्मों और एल्बम्स के लिए गाए.

लकी अली ने एआर रहमान, विशाल भारद्वाज, विशाल-शेखर, मिकी मैकक्लियरि, प्रशांत पिल्लाई, वरुण आहूजा और राजीव भल्ला जैसे म्यूजिक कंपोजर्स के लिए गाने गाए हैं. लकी अली ने अपने पिता के डायरेक्शन में बनी कुछ फिल्मों में काम भी किया है और लास्ट टाइम उन्हें एक्टिंग करते हुए फिल्म ‘कांटे’ (2002) में देखा गया था.

लकी अली की शादियां और बच्चे
लकी अली ने मीघन मक्लियरी के साथ पहली शादी की थी, जिनसे उन्हें दो बच्चे हैं. वहीं लकी अली ने दूसरी शादी इनाया से की थी, जिनसे उन्हें दो बच्चे हैं. 2010 में लकी अली ने तीसरी शादी ब्रिटिश मॉडल कैट एलिजाबेथ हल्लाम से की थी, जिनसे 2017 में उन्होंने तलाक ले लिया था, इनके साथ लकी अली का एक बेटा है. इस तरह लकी अली की तीन वाइफ और पांच बच्चे हैं, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन दिनों लकी अकेले लाइफ जी रहे हैं.

लकी अली आजकल क्या कर रहे हैं?
2024 में विद्या बालन और प्रतीक गांधी की फिल्म रिलीज हुई थी, उसमें लकी अली ने ‘तू है कहां’ सॉन्ग गाया था. उसके बाद फिर से लकी अपनी लाइफ को अकेले एन्जॉय कर रहे हैं. खबर है कि लकी अली आजकल बैंगलुरू के पास बने अपने शानदार फार्महाउस में रहते हैं. यहां वो ऑर्गेनिक खेती करते हैं और उनसे मिलने उनके बच्चे जाया करते हैं लेकिन वो फार्महाउस पर अकेले रहते हैं. इसके अलावा लकी लाइव कॉन्सर्ट भी करते हैं और वो जब भी होता है तो उसकी अपडेट्स लकी अली अपने इंस्टाग्राम पर अपटेड करते रहते हैं.

Share This Article