Vedant Samachar

‘हेरा फेरी 3’ विवाद के समय कौन दे रहा था परेश रावल का साथ? एक्टर की पत्नी ने बताया…

Vedant Samachar
3 Min Read

मुंबई : परेश रावल एक बार फिर से बाबू भैया के रोल में नजर आने वाले हैं. वो अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ ‘हेरा फेरी 3’ का हिस्सा हैं. अब वो भले ही इस फिल्म का हिस्सा हैं, लेकिन कुछ महीने पहले उन्होंने खुद को इस फिल्म से अलग कर दिया था. उसके बाद काफी विवाद हुआ था. अब परेश रावल की पत्नी स्वरूप संपत ने उस बारे में बात करते हुए बताया कि उस समय कौन परेश का साथ दे रहा था.

परेश रावल ने हेरा फेरी 3 छोड़ दी थी, जिसके बाद अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी केप ऑफ गुड फिल्म्स ने उन्हें 25 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेजा था. स्वरूप संपत ने कहा कि उस समय दोनों बेटे (आदित्य और अनिरुद्ध) परेश के साथ थे. वो अपनी राय रखते थे. कोर्ट भी जाते थे.

स्वरूप संपत ने क्या कहा?
न्यूज9 के साथ बात करते हुए स्वरूप संपत ने कहा, “बेटे उनके साथ थे. मैं उस समय बिल्कुल भी उदास नहीं थी, क्योंकि मुझे पता था कि क्या हो रहा है. ये बहुत दिलचस्प था, क्योंकि बच्चे उनके साथ थे. अब बच्चे बड़े हो गए हैं. वो कहते हैं कि डैड ये मत करो.”

स्वरूप संपत ने आगे कहा, “वकीलों के साथ उनकी मीटिंग में दोनों बच्चे उनके साथ बैठते थे और जैसे ही मीटिंग खत्म होती थी वो उस पर चर्चा करते थे.” उन्होंने ये भी कहा कि बच्चे बड़े हो चुके हैं और वो परेश के साथ थे इसलिए ये पहली बार था जब वो थोड़ा पीछे हो गई थीं.

उन्होंने ये भी कहा, “मुझे खुशी थी पीछे होने की, क्योंकि हर किसी की अपनी राय थी और बच्चे अपनी राय दे रहे थे, जबकि परेश की अपनी सोच थी. मैं कुछ गड़बड़ नहीं करना चाहती थी. मुझे देखकर अच्छा लग रहा था कि उनके बच्चे पिता का ख्याल रख रहे हैं. वो उनकी बातें सुन रहे हैं.” स्वरूप का कहना है कि परेश जब भी वकील से मिलने जाते थे, तो जाने से पहले पूछते थे मैं जा रहा हूं, लड़कों में से कोई साथ चलेगा.

‘हेरा फेरी 3’ पर अपडेट
‘हेरा फेरी 3’ को लेकर स्वरूप संपत ने कहा कि अभी तक स्क्रिप्ट लिखी नहीं गई है. बहरहाल, विवादों के बाद परेश फिर से ‘हेरा फेरी 3’ से जुड़ गए. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ” अब सबकुछ ठीक है. हां, थोड़ा बहुत ऊपर नीचे हुआ, लेकिन अब सबकुछ सुलझ गया है. हम साथ में वापस आ गए हैं. हम हमेशा साथ थे.”

Share This Article