Vedant Samachar

कोरबा में नवरात्र पर्व की तैयारियां जोरों पर, पुलिस ने की यातायात व्यवस्था के लिए विशेष योजना

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 18 सितम्बर (वेदांत समाचार)। कोरबा में आश्विन नवरात्र पर्व 22 सितंबर से प्रारंभ हो रहा है। औद्योगिक नगर कोरबा और उपनगरी क्षेत्र में इस पर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पूजा समितियां अपने-अपने क्षेत्र में पंडाल सजाने और आदिशक्ति की प्रतिमा की स्थापना की दिशा में जुटी हुई हैं। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाता है।


इस भीड़ के बीच आम लोगों की आवाजाही सुचारु बनी रहे, इसके लिए जिला पुलिस ने अग्रिम तैयारी शुरू कर दी है। ट्रैफिक पुलिस ने खासकर उन क्षेत्रों को चिह्नित किया है जहां पर रोजाना दोपहर और शाम के समय जाम की स्थिति बन जाती है। इन इलाकों में भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने विशेष योजना बनाई जा रही है।


एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर, ट्रैफिक डीएसपी तेज सिंह यादव, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर मनोज राठौर और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने उन स्थलों का निरीक्षण किया जहां पर नवरात्रि उत्सव के दौरान पंडाल सजाए जाते हैं और वहां से गुजरने वाला यातायात अक्सर प्रभावित होता है। निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय समितियों से भी बातचीत की, ताकि सडक़ पर अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या को नियंत्रित किया जा सके।


पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रैफिक जाम की व्यवहारिक समस्या के समाधान के लिए कुछ ठोस विकल्पों पर अमल किया जाएगा। इसके तहत वैकल्पिक मार्ग चिन्हित किए जा रहे हैं, बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी और जरूरत पडऩे पर अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में पार्किंग की स्पष्ट व्यवस्था की जाएगी। पुलिस का साफ कहना है कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यही उनकी प्राथमिकता होगी।

Share This Article