कोरबा,18 सितम्बर (वेदांत समाचार)। प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रीराम मंदिर, बालकोनगर में शारदीय नवरात्रि पर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 22 सितंबर 2025 से आरंभ होकर 1 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुजन मां दुर्गा की आराधना, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लेंगे।
बालको सेवा समाज, बालकोनगर के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्र महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इस अवसर पर प्रतिदिन आरती, दुर्गा सप्तशती पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मंदिर समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित शामिल होकर माता रानी के आशीर्वाद का लाभ लें।
इस बार मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलन की विशेष व्यवस्था की गई है। समिति ने श्रद्धालुओं के सहयोग से तेल ज्योति कलश प्रज्वलित करने की योजना बनाई है। इसके लिए प्रति कलश सहयोग राशि ₹551 निर्धारित की गई है। श्रद्धालुजन अपने नाम, गोत्र और मोबाइल नंबर के साथ यह राशि समिति के सदस्यों को 20 सितंबर 2025 तक जमा करा सकते हैं। सुविधा को देखते हुए ।
राशि श्रीराम मंदिर समिति के QR कोड के माध्यम से भी अर्पित की जा सकती है।

समिति के वरिष्ठ सदस्य सुधीर शर्मा का कहना है कि भक्तों द्वारा सहयोग से नवरात्र महोत्सव और अधिक भव्य रूप में संपन्न होगा। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से बड़ी संख्या में सहभागिता करने और धार्मिक वातावरण को और अधिक पावन बनाने की अपील की है।
नवरात्र का यह पर्व शक्ति उपासना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। बालकोनगर में प्रतिवर्ष होने वाले इस आयोजन का श्रद्धालुजन बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ इंतजार करते हैं। इस बार भी मंदिर परिसर भक्ति और आस्था से गूंज उठेगा।
