न्यूयॉर्क,15 सितंबर । न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में बड़ा मोड़ आ गया है। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने रविवार को डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान ममदानी को समर्थन देते हुए न्यूयॉर्कवासियों से उनके पक्ष में वोट करने की अपील की। यह ममदानी को मिला अब तक का सबसे अहम और बड़ा राजनीतिक समर्थन माना जा रहा है।
गवर्नर कैथी होचुल ने एक लेख लिखकर अपने समर्थन का एलान किया। उन्होंने कहा कि भले ही वह और जोहरान ममदानी कुछ मुद्दों पर असहमत हों, लेकिन दोनों का मकसद न्यूयॉर्क को रहने के लिए बेहतर और किफायती बनाना है। होचुल ने लिखा, ‘हमारी बातचीत में मैंने ममदानी में एक ऐसे नेता को देखा जो चाहता है कि न्यूयॉर्क का हर बच्चा सुरक्षित माहौल में बड़ा हो और हर परिवार को अवसर मिले। वह शहर को किफायती बनाने के लिए समर्पित हैं और मैं इस लक्ष्य का पूरे उत्साह के साथ समर्थन करती हूं।’



