हरियाणा ,08 सितम्बर : फरीदाबाद से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बता दें कि रविवार देर रात ग्रीन फील्ड कॉलोनी में एक फ्लैट में एयर कंडीशनर (एसी) फटने से भीषण आग लग गई, जिससे घर में मौजूद तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे में परिवार का पालतू कुत्ता भी झुलसकर मर गया।
इलाके में अचानक गूंजा धमाका
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात को करीब एक जोरदार धमाका सुनाई दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में फ्लैट से काले धुएं और आग की लपटें निकलने लगीं। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक राहत दल मौके पर पहुंचा, तब तक स्थिति बेकाबू हो चुकी थी।
एक ही परिवार की बुझ गई जिंदगी
इस दर्दनाक घटना में परिवार के मुखिया सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू कपूर और बेटी सुजान कपूर की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। बचाव कर्मियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि तीनों को निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। घर के अंदर मौजूद उनका पालतू कुत्ता भी आग की चपेट में आ गया और बचाया नहीं जा सका।
शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह घटना एसी में शॉर्ट सर्किट और उसके बाद विस्फोट से हुई लगती है। हालांकि, असल कारण फॉरेंसिक रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।



