राजस्थान,31अगस्त। गंगापुर सिटी में रविवार शाम आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला. गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है. जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के नौ लोग बिजली की चपेट में आ गए, जिनमें से 14 साल की लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के समय परिवार के सदस्य घर में टीवी देख रहे थे.
अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली घर पर गिरी. हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. हादसे की शिकार बालिका की पहचान क्रांति पुत्री इंदर सिंह खारवाल के रूप में हुई है. घायलों में पांच से छह बच्चे भी शामिल हैं.
घायलों को पहले बामनवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां पांच लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया. वहीं, तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को गंगापुर सिटी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही हैं. जैसे ही घटना की जानकारी प्रशासन को मिली, एडीएम रामकिशोर मीणा और एसडीएम बृजेंद्र मीणा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की हालत की जानकारी ली.
बामनवास एसडीएम प्रियंका कडेला ने भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर डॉक्टरों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए. गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर है. ग्रामीणों ने मृत बालिका के परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार से उचित मुआवजे की मांग की. पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.



