उज्जैन, 29 अगस्त। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल द्वारा शुक्रवार को शहर में संचालित सिविल अस्पताल जीवाजीगंज, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक राधामोहन की गली तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैरवगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया।
मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, राधामोहन की गली में उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन करने पर डॉ. गौरव सिंह, श्रीमती वंदना शर्मा, श्रीमती चेतना साहू, श्रीमती सुल्ताना शेख, श्रीमती ममता जोशी एवं श्री लक्ष्मण चावरे अनुपस्थित पाए गए, जिनके विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी और दोषी कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के दृष्टिगत, सिविल अस्पताल जीवाजीगंज के 50 बिस्तरीय नवीन अस्पताल के निर्माणाधीन होने के कारण वर्तमान विभागों को पृथक-पृथक स्थान पर स्थानांतरित करने तथा जीवाजीगंज में निर्मित शासकीय आवासगृह को आगामी 7 दिनों में रिक्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही, अस्पताल में अटैच अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने प्रसूता महिलाओं से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा एक्स-रे सुविधा निरंतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैरवगढ़ का निरीक्षण किया और चिकित्सक को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ड्यूटी संचालित करने के निर्देश दिए। सिंहस्थ महापर्व की दृष्टि से नवीन भवन निर्माण हेतु संस्था को अन्यत्र स्थानांतरित करने पर भी चर्चा की गई और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ ने निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। इसके अंतर्गत सभी आवश्यक औषधियों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, पैथोलॉजी जांच सेवाएँ नियमित रूप से संचालित हों, अस्पताल परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा सभी रिकार्ड अद्यतन रखे जाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि समस्त स्टाफ समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहे और मुख्यालय पर ही निवास कर कार्य करें। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।




