रायपुर 09 अक्टूबर । विश्व दृष्टि दिवस पर शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, बीरगांव में रेड क्रॉस यूथ सोसायटी और एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय नेत्र प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दृष्टि संबंधी समस्याओं का प्रारंभिक पहचान करना था।
शिविर का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने कहा — “स्वस्थ तन में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है, इसलिए आंखों की देखभाल जीवन का अनिवार्य हिस्सा होनी चाहिए।”
इस अवसर पर पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, रायपुर के रेटिना विशेषज्ञों और नेत्र चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं दीं। डॉ. विनीत शाह (एम.एस., रेटिना स्पेशलिस्ट) ने सामान्य नेत्र रोगों और डिजिटल स्क्रीन से आंखों पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। डॉ. ललित कुमार पाटकर ने बीरगांव के छात्रों को आंखों की बीमारियों और उनके उपचार के बारे में बताया। वहीं, डॉ. संजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ी भाषा में नेत्र देखभाल पर रोचक संवाद किया और छात्रों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की।
कार्यक्रम में नेत्र जांच उपकरण का विमोचन किया गया और छात्रों की आंखों की जांच की गई। विशेषज्ञों ने दृष्टि दोष, कलर ब्लाइंडनेस और मोतियाबिंद जैसी समस्याओं की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। गंभीर मामलों को आगे के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोसमीना कुजूर ने किया। इस अवसर पर डॉ. युगबोध पटले, डॉ. कविता कोसरिया, कॉलेज के शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल दृष्टि सुरक्षा की दिशा में सार्थक पहल थी, बल्कि छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी जागृत करने वाला साबित हुआ।



