कोरबा: कांग्रेसी पार्षदों ने किया शपथ ग्रहण का बहिष्कार, सांसद की तस्वीर नहीं लगाने और भेदभाव का आरोप

कोरबा,02 मार्च 2025 (वेदांत समाचार)। जिले में 2 मार्च को हुए नगरीय निकायों के शपथ ग्रहण समारोह में बांकीमोंगरा नगरपालिका में बड़ा विवाद सामने आया। कांग्रेस के सभी 13 पार्षदों ने शपथ ग्रहण का बहिष्कार कर दिया।

पार्षदों का आरोप है कि कार्यक्रम में सांसद ज्योत्सना महंत की तस्वीर फ्लेक्स में नहीं लगाई गई। उन्होंने कहा कि पूरा कार्यक्रम भाजपामय है। कांग्रेस पार्षदों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था भी नहीं की गई। पार्षदों ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम में अपमानित महसूस हुआ।

बांकीमोंगरा नगरपालिका के पहले चुनाव में 30 वार्डों में से कांग्रेस के 13, भाजपा के 10 और 6 निर्दलीय पार्षद जीते हैं। विरोध के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने पार्षदों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।

श्रम मंत्री बोले- कांग्रेस पार्षदों का शपथ ग्रहण में शामिल न होना दुर्भाग्यपूर्ण

कार्यक्रम में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों का शपथ ग्रहण में शामिल न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण किसी एक पार्टी का नहीं होता।

जिले के अन्य निकायों में शपथ ग्रहण सुचारू रूप से संपन्न हुआ। पाली में अध्यक्ष अजय जायसवाल, छुरी कला में अध्यक्ष पद्मिनी देवांगन और दीपका में अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने शपथ ली।