Vedant Samachar

नगर परिषद की लापरवाही : 297 लाडली बहनों और 150 परिवारों की योजनाओं में कटौती…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायसेन,23अगस्त। जिले के नगर परिषद बरेली के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। जिसका खामियाजा 150 से ज्यादा परिवार और लाडली बहन योजना का लाभ लेने वाली 297 महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल, कई परिवारों का नाम समग्र आईडी से हट गया हैं। जिससे परिवार को शासन के द्वारा मिलने वाली योजनाओं का लाभ बंद हो गया है। वहीं, लाडली बहन योजना की लाभान्वित महिलाओं का नाम पोर्टल से हट गया है। जिसे कुछ लोग साजिश बता रहे हैं। लेकिन, सीएमओ ने इसे कर्मचारी की लापरवाही बताया है।

297 लाडली बहनों के खाते में नहीं आई राशि
लाडली बहन योजना के तहत मिलने वाली 1250 रुपए की राशि महिलाओं के खातों में नहीं पहुंची। इतना ही नहीं, वार्ड की अन्य महिलाओं को मिलने वाली वृद्धा, विधवा पेंशन और राशन योजनाओं से भी वंचित है। इससे नाराज लाडली बहनें और वार्ड के अन्य लोग नगर परिषद पहुंचे। यहां कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा है।

सर्वे कर दोबारा आईडी को रिकवर करने की मांग

ज्ञापन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, परिषद के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारियों की टीम बनाकर सर्वे कर दोबारा आईडी को रिकवर कर लाभ दिलवाने की मांग की है।

Share This Article