रूस ने इस साल यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है, जिसमें 574 ड्रोन और 40 मिसाइलें दागी गई हैं. एयरफोर्स का दावा है कि, यूक्रेन के पश्चिमी इलाकों को निशाना बनाया गया. अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 अन्य लोग घायल हो गए. इस हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का बयान सामने आया है, उन्होंने कहा कि, मॉस्को से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि वे युद्ध खत्म करने के लिए तैयार हैं और उनके बीच ठोस बातचीत चल रही है.
यूक्रेनी पत्रकारों के साथ बातचीत में जेलेंस्की ने कहा कि, अमेरिकी कंपनी पर हुए इस रूसी हमले में 15 लोग घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि वह यूरोप के किसी तटस्थ हिस्से में पुतिन से मिलना चाहते हैं. इनमें स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया और तुर्की जैसे देश शामिल हो सकते हैं. हंगरी की ओर से यूक्रेन का समर्थन करने के विरोध का हवाला देते हुए बुडापेस्ट में बैठक का प्रस्ताव रद्द कर दिया गया था.
यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री साइबिहा ने कहा कि रूस ने पश्चिमी यूक्रेन में एक ‘प्रमुख अमेरिकी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चर’ पर हमला किया. उन्होंने और कोई जानकारी नहीं दी. यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से देश के पूर्व और दक्षिण में युद्धक्षेत्र की फ्रंटलाइन से बहुत दूर हैं. ऐसा माना जाता है कि यूक्रेन के पश्चिमी सहयोगियों की ओर से दी जाने वाली ज्यादातर सैन्य सहायता वहीं पहुंचाई जाती है. शायद यही वजह है कि इस बार रूस ने पश्चिमी यूक्रेन को टारगेट किया है.



