रायपुर,16अगस्त (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जगदलपुर के ग्राम कोयेनार में 9 महीने की मासूम बच्ची ने जहरीले करैत सांप को खिलौना समझकर काट लिया। बच्ची के काटने से कुछ ही देर में सांप की मौत हो गई। यह घटना परपा थाना क्षेत्र की है।
घर में खेलते-खेलते हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मानवी नान की बच्ची घर में खेल रही थी। उस समय मां दीपिका की तबीयत खराब थी और वह आराम कर रही थीं, जबकि परिवार के बाकी सदस्य खेतों में काम कर रहे थे। तभी दरवाजे के पीछे छिपा करैत सांप कमरे में घुस आया। बच्ची ने उसे खिलौना समझकर पकड़ लिया और दांतों से काट डाला।
कुछ ही मिनटों में सांप तड़पकर मर गया। मां ने जब यह दृश्य देखा तो घबरा गईं और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
बच्ची पूरी तरह सुरक्षित
परिजन तुरंत बच्ची को जगदलपुर के मेकाज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे 24 घंटे तक निगरानी में रखा और सभी जरूरी जांच की। रिपोर्ट में साफ हुआ कि बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। अगले दिन उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।
गांव में फैली दहशत और चमत्कार की चर्चा
गांव में जैसे ही यह खबर फैली, लोग दंग रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं। लोग बच्ची को “नन्ही शेरनी” और “लिटिल वंडर गर्ल” कहकर बुला रहे हैं। परिजन भी मानते हैं कि यह ईश्वर की कृपा है कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है।
मां दीपिका ने कहा कि जब उन्होंने बेटी को सांप के साथ देखा तो वे डर से कांप उठीं, लेकिन यह देखकर राहत मिली कि मानवी बिल्कुल ठीक है।



