Raipur Crime News : बी.टेक डिग्रीधारी शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 13 दोपहिया वाहन बरामद – vedantsamachar.in

Raipur Crime News : बी.टेक डिग्रीधारी शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 13 दोपहिया वाहन बरामद

रायपुर, 23 अप्रैल (वेदांत समाचार)। रायपुर कमिश्नरेट की क्राइम एवं साइबर यूनिट ने शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल वर्मा, जो बी.टेक डिग्रीधारी है, रायपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से एक दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन चोरी करने के मामलों में संलिप्त पाया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि खरोरा क्षेत्र का निवासी राहुल वर्मा, जो पहले भी वाहन चोरी के मामलों में शामिल रहा है, अलग-अलग दोपहिया वाहनों का उपयोग करते हुए घूम रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सभी 13 वाहन बरामद कर लिए। जांच में पाया गया कि इनमें से 11 वाहनों की चोरी के मामले थाना सिविल लाइन, पंडरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डीडी नगर, देवेंद्र नगर, मौदहापारा और पुरानी बस्ती थानों में पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि राहुल वर्मा वर्ष 2023 में भी रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 40 दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।