बिलासपुर: यातायात विश्लेषण के बाद ट्रैफिक पुलिस की सख्त अपील, सीट बेल्ट-हेलमेट के नियमों का पालन करें, सेफ्टी फीचर्स से छेड़छाड़ न करें – vedantsamachar.in

बिलासपुर: यातायात विश्लेषण के बाद ट्रैफिक पुलिस की सख्त अपील, सीट बेल्ट-हेलमेट के नियमों का पालन करें, सेफ्टी फीचर्स से छेड़छाड़ न करें

बिलासपुर, 22 अप्रैल (वेदांत समाचार)। बिलासपुर यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण के बाद वाहन चालकों के लिए विशेष सुरक्षा संदेश जारी किया है। पुलिस ने कहा कि अधिकांश दुर्घटनाओं में सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग न करना गंभीर चोट और मृत्यु का बड़ा कारण बन रहा है।

पुलिस के अनुसार, आगे के साथ-साथ पीछे की सीट पर बैठने वालों के लिए भी सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। बावजूद इसके लोग अलार्म से बचने के लिए सीट बेल्ट के सेफ्टी फीचर्स से छेड़छाड़ कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना के समय एयरबैग सही तरीके से काम नहीं कर पाते।

दोपहिया चालकों के लिए फुल फेस आईएसआई मार्क हेलमेट को सबसे सुरक्षित बताया गया है। हॉफ फेस हेलमेट के उपयोग से सिर की गंभीर चोट का खतरा बढ़ता है।

मोटरयान अधिनियम के तहत हेलमेट या सीट बेल्ट का उपयोग न करने पर जुर्माने का प्रावधान भी है, लेकिन इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।

यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे “ट्रैफिक सेंस” विकसित करें, नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।