Vedant Samachar

कोरबा सड़क हादसा : नेशनल हाइवे 130 में दो लोगों की दर्दनाक मौत

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 02 अगस्त (वेदांत समाचार) । नेशनल हाइवे 130 पर मोरगा में हुए हादसे में कल शुक्रवार को दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ये हाइवे के किनारे एक वाहन का सुधार करा रहे थे, तभी कार ने चपेट में ले लिया। मृतकों की पहचान कर ली गई। झारखंड और उत्तरप्रदेश से उनके परिजन यहां पहुंच गए हैं। जिला मुख्यालय कोरबा से 90 किलोमीटर दूर यह हादसा मोरगा में हुआ, जो जिले का सीमांत क्षेत्र है।

जानकारी में बताया गया कि कृष्ण मुरारी पांडेय निवासी झारखंड और मोहम्मद उस्मान खान निवासी उत्तरप्रदेश मोरगा में हाइवे के किनारे मौजूद थे। जो कुछ पता चला उसमें कहा गया कि इन लोगों के वाहन में खराबी आ गई थी। इसका सुधार कराने के लिए मौके पर काम चल रहा था। दोनों व्यक्ति किनारे में खड़े थे। उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था कि आने वाले मिनट में क्या कुछ होने वाला है। इसी दरम्यान तेज रफ्तार से आई एक चारपहिया वाहन के चालक ने लापरवाही दिखाई और इन दोनों को चपेट में ले लिया। संबंधित वाहन को लेकर इस तरह की सूचनाएं मिली है कि वह अंबिकापुर जिले के परिवहन कार्यालय में पंजीकृत है और कोई सरकारी कर्मचारी इसका मालिक है। दुर्घटना से मोरगा मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। 24 घंटे व्यस्त रहने वाले इस हाइवे पर हादसे की खबर मिलने पर एनएच पेट्रोलिंग टीम के साथ-साथ मोरगा पुलिस चौकी प्रभारी एम.आर.मरकाम कर्मियों सहित पहुंचे। स्थिति का जायजा लेने के साथ आवश्यक पड़ताल की गई। कुछ देर में ही यह स्पष्ट हो गया था कि मृतक कौन है और उसका वास्ता कहां से है। पुलिस ने इस संबंध में बांगो थाना को अवगत कराया। वहां से निर्देश प्राप्त होने पर आगे की कार्यवाही कराई गई।

बताया गया कि रात में ही इस घटना को लेकर मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया था। उनकी पहुंच आज यहां हो गई है। मृतकों के शव पंचनामा पश्चात् पोस्टमार्टम के लिए पोड़ी उपरोड़ा सीएचसी भेज दिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि बीएनएसएस की धारा में कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। घटनाक्रम को लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज संबंधी कार्यवाही के लिए प्राप्त किए जा रहे हैं। याद रहे इससे पूर्व एनएच 130 पर कई जगह ब्लैक स्पॉट को हटाने के साथ सुधार संबंधी काम कराए गए हैं। पिछले महीने 15 से ज्यादा ऐसे स्पॉट की खोज और की गई जो डेंजर जोन की श्रेणी में शामिल हैं।

Share This Article