लाहौर,02अगस्त : पाकिस्तान के शेखूपुरा ज़िले में शुक्रवार शाम एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जब लाहौर से रावलपिंडी जा रही इस्लामाबाद एक्सप्रेस के कम से कम 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के वक्त ट्रेन लाहौर स्टेशन से सिर्फ आधे घंटे पहले ही निकली थी।
घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ यात्रियों के डिब्बों में फंसे होने की आशंका है, जिन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है।
रेल मंत्री ने 7 दिन में मांगी रिपोर्ट
रेल मंत्री मुहम्मद हनीफ अब्बासी ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और अधिकारियों से 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। रेलवे सीईओ और मंडल अधीक्षक को मौके पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मामले की जांच शुरू करने और सात दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे पर गहरा दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश भी दिए हैं।
एक हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
स्थानीय मीडिया के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद आपातकालीन प्रतिक्रिया दल घटनास्थल पर पहुँच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायल यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए नज़दीकी अस्पतालों में ले जाया गया। अधिकारियों ने प्रभावित ट्रैक को साफ़ करने और पीड़ितों की मदद करने के लिए तेज़ी से काम किया। राहत और बचाव दल ने एक हज़ार से ज़्यादा लोगों को बचाया।



