Vedant Samachar

मेला ड्यूटी में आई महिला आरक्षी की हत्या; झाड़ियों में मिला शव, आईजी बोले-साथी सिपाही से थे संबंध

Vedant samachar
2 Min Read

यूपी के बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना से रामनगर महादेवा मेला ड्यूटी में आई एक महिला आरक्षी की हत्या कर दी गई। महिला आरक्षी का शव मसौली थाना क्षेत्र में बाराबंकी अयोध्या हाईवे पर बिंदौरा कस्बा के पास झाड़ियों से बरामद किया गया है।

बुधवार सुबह झाड़ियों में महिला सिपाही का शव देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची मसौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की। आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने भी घटनास्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि महिला आरक्षी का पुरुष साथी सिपाही से संबंध थे। प्रथम दृष्टया महिला आरक्षी की हत्या उसी के द्वारा करना पाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरा मामला साफ हो पाएगा।

सुल्तानपुर जनपद के थाना जयसिंहपुर के गांव भभूट निवासी विमलेश बाराबंकी के सुबेहा थाने में तैनात थी। उसकी ड्यूटी रामनगर थाना क्षेत्र में लोधेश्वर महादेवा मेला में लगाई गई थी। बुधवार की सुबह मसौली थाना के बिंदौरा गांव के पास झाड़ियों में इसका शव मिला। शव करीब दो दिन पुराना लग रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।

आईजी ने बताया कि मृतका महिला आरक्षी का एक पुरुष सिपाही से नजदीकी संबंध था। कुछ समय पूर्व महिला ने उक्त आरक्षी पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और मुकदमे में समझौता हो गया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में महिला की हत्या उसी साथी सिपाही द्वारा किए जाने की आशंका है। फिलहाल आरोपी सिपाही फरार है और उसकी तलाश में पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही हैं।

Share This Article