Vedant Samachar

‘उनके जैसा कोई नहीं…’ इस दिग्गज एक्ट्रेस की तारीफ करते नहीं थके थे सलमान खान

Vedant Samachar
3 Min Read

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के लाखों चाहने वाले हैं. उन्होंने अपनी एक्टिंग से देश दुनिया में खास पहचान बनाई है. फैंस के साथ ही इंडस्ट्री के भी कई सेलेब्स सलमान खान को काफी पसंद करते हैं और अक्सर उनकी तारीफ करते हैं. वहीं सलमान को भी जिनका काम पसंद आता है तो अभिनेता उनकी तारीफ करने में भी बिल्कुल नहीं हिचकिचाते. एक बार सलमान ने दिवंगत और दिग्गज एक्ट्रेस श्रीदेवी की भी जमकर तारीफ की थी.

सलमान खान हमेशा से ही श्रीदेवी के काम के मुरीद रहे हैं. श्रीदेवी ने इंडस्ट्री में जो हार्डवर्क और डेडिकेशन दिखाया है उसने सलमान को भी हैरान कर दिया था. एक अवॉर्ड शो के दौरान सलमान ने श्रीदेवी की तारीफ में कहा था कि उनके जैसा लीजेंड इस इंडस्ट्री में कोई नहीं है और न कोई आएगा.

‘300 फिल्में करना बहुत मुश्किल है’
साल 2017 में जी सिने अवॉर्ड के दौरान सलमान ने श्रीदेवी को स्टेज पर इनवाइट करने से पहले उनकी तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े थे. सलमान ने श्रीदेवी के बतौर लीड एक्ट्रेस 300 फिल्में करने पर हैरानी जताई थी. अभिनेता ने कहा था, ”शाहरुख खान हैं, आमिर खान हैं, अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन और मैं हूं. अगर हम सबकी फिल्में आप जोड़ भी लें तो करीब 275 होंगी. हमारी फिल्म इंडस्ट्री में एक लीजेंड है निहायती खूबसूरत, हार्डवर्किंग, प्रोफेशनल. उन्होंने बतौर लीड एक्ट्रेस 300 फिल्में की हैं. ये बहुत ही मुश्किल है.”

‘उनके जैसा कोई नहीं…’
सलमान ने आगे कहा था, ”वो कभी मां बन जाती हैं. कभी चार्ली चैपलिन बन जाती हैं. सोचिए अगर वो ये डिसीजन नहीं लेती कि उनको फिल्मों में काम करना है तो इस इंडस्ट्री का क्या होता? मुझे नहीं लगता कि हमारी इस हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में इस लीजेंड जैसा कोई आया है और न कोई आएगा और वो नाम है श्रीदेवी.”

2018 में हो गया था एक्ट्रेस का निधन
श्रीदेवी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत चार साल की उम्र में ही कर दी थी. साउथ से लेकर हिंदी सिनेमा तक में उन्होंने अपने नाम का जलवा बिखेरा था. श्रीदेवी ने ‘हिम्मतवाला’, ‘चांदनी’, ‘जुदाई’, ‘मिस्टर इंडिया’, ‘इंग्लिश विंग्लिश’ सहित कई बेहतरीन फिल्में दी थीं. एक्ट्रेस का साल 2018 में दुबई में निधन हो गया था.

Share This Article