मध्य प्रदेश में कर्मचारियों का आंदोलन तेज:51 सूत्रीय मांगों को लेकर उज्जैन में कलेक्ट्रेट के बाहर धरना, 15 लाख कर्मचारी होंगे शामिल

मध्य प्रदेश,07 फरवरी2025 : मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को उज्जैन में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना दिया। यह धरना प्रदर्शन चरणबद्ध आंदोलन के तीसरे चरण का हिस्सा है, जो प्रदेश के सभी 55 जिला मुख्यालयों में किया जा रहा है।

संयुक्त मोर्चा के संरक्षक मोतीलाल निर्मल के अनुसार, सरकार ने अब तक उनकी 51 सूत्रीय मांगों में से एक का भी निराकरण नहीं किया है और न ही कोई चर्चा की है। कोठी रोड स्थित कलेक्टोरेट संकुल भवन के सामने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने नारेबाजी के साथ अपना विरोध दर्ज कराया।

आंदोलन में प्रदेश भर से 15 लाख से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों के शामिल होने की उम्मीद है। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, तो 16 फरवरी को भोपाल के अंबेडकर पार्क में प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरने के बाद कर्मचारियों की स्थानीय समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।