प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के दौरे पर हैं। उन्होंने यहां 7217 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने सड़क और रेल के विकास और इससे जुड़े कई चीजों का तोहफा दिया। पीएम मोदी ने मोतिहारी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने बिहार की तरक्की, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की भूमिका और विपक्ष की राजनीति पर खुलकर बात की।
बिहार की महिलाओं को दी अहमियत
पीएम मोदी ने कहा, “बिहार की तरक्की में सबसे बड़ा योगदान यहां की माताओं और बहनों का है। एनडीए जो भी फैसले ले रहा है, बिहार की महिलाएं उसे अच्छी तरह समझ रही हैं। जब बिहार आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा और बिहार तब आगे बढ़ेगा, जब यहां का युवा आगे बढ़ेगा।”
रोजगार को लेकर बड़ा संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में ही युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए केंद्र और राज्य मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “नीतीश जी की सरकार ने पारदर्शिता से लाखों युवाओं को नौकरी दी है। केंद्र सरकार भी इसमें पूरा सहयोग कर रही है। हमारा संकल्प है, समृद्ध बिहार, हर युवा को रोजगार।”
विपक्ष पर तीखा हमला
पीएम मोदी ने कांग्रेस और RJD पर निशाना साधते हुए कहा, “ये पार्टियां गरीबों, दलितों और पिछड़ों के नाम पर राजनीति करती हैं, लेकिन असली हक और सम्मान नहीं देतीं। इनका घमंड पूरा बिहार देख रहा है। हमें बिहार को इनकी नीयत से बचाकर रखना है।”
पीएम आवास योजना का ज़िक्र
उन्होंने बताया कि देशभर में 4 करोड़ घर बनाए गए, जिनमें से 60 लाख बिहार में हैं। मोतिहारी जिले में ही 3 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं।
पूर्वी भारत के विकास की बात
पीएम मोदी ने कहा कि अब पूर्वी भारत का समय है। जैसे पुणे की तरह पटना में उद्योग, सूरत की तरह संथाल परगना का विकास, जयपुर की तरह जलपाईगुड़ी व जाजपुर में टूरिज्म, बंगलुरु की तरह वीरभूम का विकास। उन्होंने मोतिहारी को पूर्व भारत का “मुंबई” बनाने का भी सपना साझा किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह धरती, जहां गांधी जी को नई दिशा मिली, अब बिहार के भविष्य को नई दिशा देगी। 21वीं सदी में पूरब के देशों और राज्यों की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी संबोधन
पीएम मोदी से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच से कहा, 2005 से पहले बिहार में कोई काम नहीं होता था। अब बीजेपी और JDU मिलकर विकास कर रहे हैं।1 करोड़ लोगों को अगले 5 साल में रोजगार देने का वादा। बिजली फ्री कर दी गई है, सरकार पैसा देगी। उन्होंने कहा कि पहले RJD के शासन में बिजली नहीं होती थी, अब हर घर को बिजली मुफ्त में मिल रही है।



