रायपुर: स्टील फैक्ट्री की मालकिन से अकाउंटेंट ने ठगे 3.5 करोड़,मुख्य आरोपी फरार,ठगी में शामिल दो गिरफ्तार

रायपुर,23 अक्टूबर 2024। राजधानी में एक स्टील फैक्ट्री की मालकिन से उसके ही अकाउंटेंट ने करीब साढ़े 3 करोड़ रुपए ठग लिए। आरोपी फैक्ट्री मालकिन की तबीयत खराब होने पर हमदर्द बना और पूरा काम संभालने की बात कही। फिर उसने फर्जी तरीके से माल बेचकर पैसे ठग लिए। देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।

दशरथ कुकरेजा ने FIR में बताया कि, उसकी पत्नी गोपाला इंटरप्राइजेज की प्रोपराइटर है। उसकी पत्नी ही पूरे फर्म को चलाती है। उसकी तबीयत खराब होने पर फैक्ट्री का अकाउंटेंट भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि, वह फर्म को चला लेगा। साथ ही ज्यादा मुनाफा भी दिलवाएगा। जिसके बाद फर्म की जिम्मेदारी भूपेंद्र को दे दी गई।

इस दौरान आरोपी ठाकुर मालकिन तो भरोसे में लेकर बैंक खाते का आईडी पासवर्ड और पैसों का लेनदेन करने लगा। तभी दशरथ कुकरेजा को फर्म के लेनदेन में गड़बड़ी का शक हुआ। उन्हें पता चला कि भूपेंद्र सिंह ठाकुर अपने साथी फ़ैज़ अहमद, रूपेश कुमार और अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्म के माल सप्लाई और बिल में गड़बड़ी कर रहा है।

इसके बाद दशरथ ने भूपेंद्र को साढ़े 3 करोड़ रुपए का हिसाब मांगा तो आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए रुपए वापस लौटा देने की बात कही, लेकिन इस बीच वह फरार हो गया। इसके बाद पूरा मामला देवेंद्र नगर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

इस मामले में पुलिस ने ठगी में शामिल एक आरोपी फ़ैज़ अहमद को रायपुर के आमानाका से गिरफ्तार किया था। मंगलवार को पुलिस ने एक अन्य आरोपी रूपेश कुमार को बिहार के पटना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इस मामले का मुख्य आरोपी भूपेंद्र सिंह ठाकुर फरार है।