जनजातीय गौरव माह: करतला में आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत को याद किया गया

कोरबा,22 अक्टूबर 2024।अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव माह के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय करतला में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत और उनके ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रघुराज सिंह उइके, अध्यक्ष वनवासी कल्याण आश्रम कोरबा, ने रानी दुर्गावती की जीवनी पर प्रकाश डाला और वीर नारायण सिंह और बिरसा मुंडा के योगदान को बताया। उन्होंने इन जन नायकों से सीख लेते हुए अपने भविष्य का निर्माण करने और देश तथा प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि दुबराज सिंह राठिया, व्याख्याता स्वामी आत्मानंद स्कूल करतला, ने जनजातीय समाज के वीर नायकों के जीवनगाथा पर प्रकाश डाला और अपनी सभ्यता संस्कृति को सुरक्षित रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती और भारत माता के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया और राज्य गीत का गायन किया गया। अतिथियों का आदिवासी परंपरा के अनुसार हाथ धुलाकर और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय कुमार यादव ने स्वागत भाषण दिया और कार्यक्रम प्रभारी डॉ. प्रीति लता मिंज ने कार्यक्रम का प्रस्तावना वाचन किया।

छात्रों ने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की और जनजातीय समाज की शिल्पकला, पहनावा, आभूषण और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई।

कार्यक्रम का सयोजन श्रीमती मनीषा मिंज टोप्पो ने किया और संचालन प्रभा शंकर यादव ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र उपस्थित थे।