Bilaspur News : ई रिक्शा चालक के मर्डर की गुत्थी सुलझी, एक गिरफ्तार, 2 फरार, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

बिलासपुर, 16 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। मंगलवार की सुबह सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा आत्मनंद स्कूल ग्राउंड में ई रिक्शा चालक सत्यनारायण प्रधान की लाश खून से लथपथ मिली थी, जिसकी किसी भारी चीज से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले में देर शाम हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में एसीसीयू बिलासपुर के साथ टीम तैयार कर आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। पतासाजी के दौरान प्रदीप सिंह ठाकुर के साथ मृतक का विवाद होने की सूचना मिलने पर प्रदीप सिंह ठाकुर की तलाश की गई। जो अपने ठिकाने से फरार होना पाया गया। जिसके संबंध में पतासाजी हेतु पृथक-पृथक टीम लगाया गया। रिपोर्ट के महज 8 घंटों के भीतर आरोपी प्रदीप ठाकुर को पकड़ा गया। जिससे घटना के संबंध में पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने ई रिक्शा से धक्का लगने पर विवाद हुआ था। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। मामले के दो आरोपी फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।