लाडकी बहिन योजना में दिवाली बोनस, सीधे खातों में ट्रांसफर होंगे 3000 रुपए

नई दिल्ली। महाराष्ट्र की लाडकी बहिन योजना के तहत दिवाली बोनस की घोषणा की गई है। जानकारी के अनुसार, लाडकी बहिन योजना दिवाली बोनस प्रोग्राम 2024 के तहत चुनिंदा महिलाओं के खातों में चौथी और पांचवीं किस्त के रूप में 3000 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे।

बता दें, मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना की शुरुआत की गई है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर की जाती है। महाराष्ट्र सरकार दिवाली बोनस के रूप में लाडकी बहिन योजना की अक्टूबर और नवंबर की किस्त अग्रिम रूप से प्रदान करने जा रही है। यह राशि महाराष्ट्र में रहने वाली 94,000 से अधिक महिला लाभार्थियों को उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

प्रदेश की एकनाथ शिंदे सरकार से मिले निर्देषों के बाद अधिकारियों ने महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए दिवाली बोनस कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। इससे महिलाओं बिना किसी चिंता के दिवाली के लिए खरीदारी कर सकेंगी।

महाराष्ट्र सरकार माझी लाडकी बहिन योजना की चौथी और पांचवीं किस्त अग्रिम रूप से प्रदान करने जा रही है। इसका मतलब यह हुआ है कि पात्र महिलाओं को दिवाली से पहले 1500 रुपए के स्थान पर 3000 रुपए मिलेंगे। सरकार ने इसे ही दिवाली गिफ्ट नाम दिया है।

किन महिलाओं के खातों में जमा होगा दिवाली बोनस

एक साथ दो महीनों की किस्त का दिवाली बोनस महाराष्ट्र सरकार की लाडकी बहिन योजना की लाभार्थी महिलाओं को मिलेगा। जिन महिलाओं ने इस योजना के लिए पंजीयन किया है, उन्हें भी लाभ मिलेगा।

बता दें, यह योजना महाराष्ट्र राज्य की मूल निवासी गरीब महिलाओं के लिए है। पात्र महिलाओं इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदक को महाराष्ट्र राज्य का स्थायी निवासी होना चाहिए। महिला आवेदक की उम्र 21 से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सभी विवाहित, अविवाहित, परित्यक्ता, तलाकशुदा और निराश्रित महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। आवेदक के नाम पर किसी भी बैंक में बैंक खाता होना चाहिए। आवेदक की पारिवारिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।