KORBA:ट्रैफिक कंट्रोल में स्काउट्स, गाइड्स ने पुलिस को किया सहयोग..डांडिया ग्राउंड, दुर्गा पंडालों में भी भीड़ को किया नियंत्रित

कोरबा,13अक्टूबर (वेदांत समाचार)। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान मुख्य सड़कों तथा बाजार मार्केट क्षेत्र में भीड़ बढ़ जाती है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स ने पुलिस को सहयोग प्रदान किया।भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा द्वारा प्रत्येक वर्ष त्योहारी सीजन में ट्रैफिक संभालने में सहयोग प्रदान किया जाता है। इस साल भी 8 से 13 अक्टूबर तक स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स ने रोवर लीडर जगन्नाथ सिंह के नेतृत्व मेंं पुलिस जवानों को ट्रैफिक संभालने के कार्य में सहायता की।

यातायात मित्र के तौर पर लगभग 50 की संख्या में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स ने सुनालिया चौक, टीपी नगर चौक, सीएसईबी चौक, सुभाष चौक पर अपनी सेवाएं दी। ट्रैफिक संभालने का कार्य ंशाम चार बजे से लेकर रात 10 बजे तक किया गया। इसके अलावा स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स ने शिवाजी नगर फेस-1 तथा एमपी नगर के डांडिया ग्राउंड पर भीड़ को नियंत्रित करने का कार्य किया। बालकोनगर स्थित सेक्टर- 3 डांडिया मैदान पर भी स्काउट्स, गाइड्स ने भीड़ नियंत्रण करने में सहयोग दिया। 12 अक्टूबर को दशहरा पर्व के दिन सुभाष चौक और इसके समीप रावण दहन स्थल पर भी सेवाएं दी गईं। स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स ने कई स्थानों पर दुर्गा पंडालों पर भी सेवा कार्य किया।

गाइड केप्टिन रेणु श्रीवास्तव, शुभम ढिमोले, स्काउट मास्टर आरपी दुबे, जिला युवा समिति के अध्यक्ष पप्पू चन्द्रा, सीनियर रोवर संदीप ठाकुर, खिलेश्वर श्रीवास, थॉमस मार्टिन, सीनियर रेंजर पलक पटेल आदि ने सहयोग दिया। दिवाली पर्व के पूर्व भी स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स द्वारा शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभालने सेवाएं दी जाएंगी।