Chhattisgarh.CM विष्णुदेव साय ने रतन टाटा के निधन पर जताया शोक

रायपुर,10 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुप्रसिद्ध उद्योगपति, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रतन टाटा जी का निधन न केवल भारत के उद्योग जगत बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री साय ने रतन टाटा के योगदान को याद करते हुए कहा, “उन्होंने भारतीय उद्योग जगत को सर्वोच्च स्थान पर स्थापित किया। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता और मानव कल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को भारतवासी सदैव याद रखेंगे।

उनके द्वारा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में दिए गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।” मुख्यमंत्री ने रतन टाटा के सादगीपूर्ण जीवन, नैतिक नेतृत्व और परोपकार की भावना की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि रतन टाटा जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वह सदैव हमारी यादों में जीवित रहेंगे और उनके द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्य समाज और देश में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की है।