शनि जयंती पर लग रहा साल का पहला सूर्य ग्रहण, जानिए सूतक काल का समय.. किन राशियों पर पड़ेगा ज्यादा असर

नई दिल्‍ली। देश में इस साल का पहला सूर्य ग्रहण 10 जून 2021, गुरुवार को लगने जा रहा है। यह ग्रहण ज्येष्ठ महीने के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को लग रहा है। खास बात यह है कि इसी दिन शनि जयंती भी पड़ रही है। इसलिए इस बार का सूर्य ग्रहण कई मायनों में खास रहने वाला है। करीब 5 घंटे तक रहने वाला यह सूर्य ग्रहण दोपहर 1 बजकर 42 मिनट से शुरू होगा और शाम के 6 बजकर 41 मिनट पर खत्म होगा।

10 जून 2021 को लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत के अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से दिखाई देगा। वहीं ये सूर्य ग्रहण उत्तर-पूर्वी अमेरिका, यूरोप, एशिया, अटलांटिक महासागर के उत्तरी हिस्से, ग्रीनलैंड, उत्तरी कनाडा और रूस में दिखाई देगा। चूंकि भारत में ये सूर्य ग्रहण आंशिक तौर पर दिखाई देगा इसलिए इस दौरान सूतक काल मान्य नहीं होगा और ना ही किसी तरह के कार्यों पर कोई पाबंदी होगी।

इस दिन करें ये काम

शास्त्रों में ग्रहण के नकारात्‍मक प्रभाव से भी बचने के उपाय बताए गए हैं। इसके लिए महा मृत्युंजय मंत्र का जाप करें और ग्रहण खत्म होने के बाद गंगाजल छिड़क कर घर को शुद्ध करें। साथ ही ग्रहण के बार गरीबों को दान करें।

सूर्य ग्रहण एक खगोलीय घटना है लेकिन धार्मिक रूप से इसे शुभ नहीं माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार, यह ग्रहण भले ही आंशिक ग्रहण है लेकिन इसका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ेगा। वहीं सबसे ज्यादा प्रभाव वृषभ राशि पर होगा।

ज्योतिष के मुताबिक, इस दिन चंद्रमा वृषभ राशि पर संचार करेगा। इससे वृष राशि के जातकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। इस राशि के जातकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। उन्‍हें धन हानि भी हो सकती है। लिहाजा इस समय सोच-समझकर ही निवेश करें।