आम जनता की सभी समस्याओं को ध्यान से सुनें व सभी प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित करें : कलेक्टर

सूरजपुर 07 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संयुक्त कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, डिप्टी कलेक्टर शिवानी जायसवाल, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कामकाजों की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि आम जनता की सभी समस्याओं को ध्यान से सुनें व संबंधित सभी प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बैठक में भूमि अधिग्रहण, सीमांकन, डायवर्सन, त्रुटि सुधार, बंदोबस्त, खसरा एवं नक्शा त्रुटि सुधार, अविवादित, विवादित नामांतरण, बंटवारा, भूमि आबंटन, जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, पटवारी की उपलब्धता और अभिलेख दुरुस्तीकरण, भू-राजस्व वसूली, भू-अर्जन प्रकरणों का मुआवजा भुगतान की स्थिति आदि की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर व्यास ने बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए कहा।

कलेक्टर व्यास ने 15 नवंबर से शुरू होने वाले धान उपार्जन की तैयारी को लेकर भी सभी अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी खरीदी केन्द्रों में अवश्य सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कलेक्टर व्यास ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को कहीं भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण होने पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।