कलेक्टर ने दिलाया भरोसा : समर्थकों के साथ ही परिजनों ने पत्र सौंपकर मांग रखी,बिना राजनीति के दिवंगत विधायक की प्रतिमा का जल्द होगा अनावरण,

खैरागढ़. दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह की सिविल लाइन में स्थापित प्रतिमा का अनावरण कराने उनके समर्थक परिजनों के साथ कलेक्टर के पास पहुंचे और बिना किसी राजनीतिकरण के प्रतिमा का अनावरण कराने ज्ञापन सौंपा।
बड़ी संख्या में खैरागढ़ जिले सहित राजनांदगांव, डोंगरगढ़ इलाके से पहुंचे सिंह समर्थकों ने दिवंगत विधायक सिंह की पुत्री राजकुमारी शताक्षी सिंह की अगुवाई में जिला कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा से चर्चा कर उन्हें शाही दशहरा की परपंरागत तरीके से होने वाले कार्यक्रम की जानकारी देते प्रतिमा अनावरण कराए जाने की मांग की। इस दौरान समर्थकों ने कहा कि मामले के किसी प्रकार की राजनीति के बजाय सर्वमान्य तरीके से प्रतिमा का अनावरण किया जाना आवश्यक है। सिंह केवल नेता ही नही बल्कि राजा और सर्वमान्य व्यक्तित्व रहे है। ऐसे में उनकी प्रतिमा पिछले नौ माह से कपड़ों में लिपटी पड़ी है जिसे देखकर समर्थकों और परिजनों में मायूसी है। इसके चलते प्रतिमा का अनावरण दशहरा अथवा उसके पहले प्रशासन द्वारा तय तिथि में कराए जाने की मांग की गई।दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह की प्रतिमा अनावरण को लेकर जिला प्रशासन की कार्यवाही से अवगत कराते कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन सिंह का पूरा सम्मान करता है। प्रभारी मंत्री की बैठक में इसकी तैयारी को लेकर चर्चा हुई थी। प्रभारी मंत्री द्वारा फिलहाल समय तय नही किया जा सका है।जिला प्रशासन नगरपालिका के साथ मिलकर पूरा प्रयास करेंगा कि दशहरा पूर्व ही समारोह आयोजित कर सिंह की प्रतिमा का अनावरण हो सके। कलेक्टर वर्मा ने परिजनों, समर्थकों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में गंभीरता के साथ कार्यवाही की जाएगी। वे खुद प्रशासनिक सहित प्रभारी मंत्री स्तर पर इसकी समीक्षा कर अनावरण कार्यक्रम की रूपरेखा तय करेंगें।

परिजनों की अगुवाई में अनावरण
समर्थकों ने दोहराया कि बिना राजनीति के प्रतिमा अनावरण प्रशासन तय कर ले । इसमें किसी को कोई आपत्ति नही है। प्रशासन कार्यवाही नही कर पाया तो समर्थक और जिले भर के सम्मानित लोग दशहरा में शाही दशहरा यात्रा के दौरान परिजनों की अगुवाई में प्रतिमा का अनावरण करेंगें। इस दौरान शाहिद भाई, रूपेश दुबे, कन्हैया बैस,लाल अशोक सिंह, भवानी बहादुर सिंह, अशोक मुणोत, मनराखन देवांगन, गुलशन तिवारी, कपिनाथ महोबिया, संजूसिंह चंदेल, जितेन्द्र सिंह गौर, धीरज मेश्राम, लोकनाथ भारती, ललित महोबिया, प्रबल खत्री, रविन्द्र सिंह, नित्यशरणसिंह, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, पार्षद दीलिप लहरे सहित बउ़ी संख्या में समर्थक और परिजन मौजूद रहे।

भाजपा पर आरोप गलत- रामाधार रजक

इधर प्रतिमा अनावरण मामले में भाजपा पर भेदभाव का आरोप लगाने पर जिला भाजपा महामंत्री रामाधार रजक ने इसे गलत बताते कहा कि प्रतिमा की राशि भाजपा सरकार द्वारा ही जारी की गई है। जिसके बाद निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। रजक ने कहा कि देवव्रत सिंह जिले के सर्वमान्य और जननेता थे। लेकिन पार्टी छोड़ने के बाद उनके खिलाफ ही काम करने वाले कांग्रेसी आज प्रतिमा अनावरण को लेकर कुत्सित प्रयास कर रहे है। कांग्रेस सरकार ने प्रतिमा के लिए केवल 5 लाख रू दिए थे बाकी बीस लाख की राशि भाजपा सरकार बनते ही जारी की गई है। प्रतिमा अनावरण सम्मान के साथ कराया जाना है। इसकी तैयारी की जा रही है।