छत्‍तीसगढ़ में मानसून लेगा यूटर्न, दो दिन बाद फिर होगी बारिश

रायपुर 04 अक्टूबर 24 (वेदांत समाचार)। मानसून अब विदाई की ओर अग्रसर है, इसकी वजह से शुक्रवार को राजधानी में बादल आंशिक रूप से छाए रहेंगे और वर्षा के आसार नहीं हैं।

लेकिन मौसम विज्ञानियों के अनुसार दो दिनों बाद यानी कि छह अक्टूबर दोबारा से मानसून की गतिविधियाें में बढ़ोतरी होने के आसार बन रहे हैं।

वहीं, शुक्रवार को प्रदेश के एक दो स्थानों पर बहुत हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। साथ ही वर्षा का क्षेत्र चरम दक्षिण होने की संभावना बन रही है।

इसी बीच गुरुवार को दिनभर मौसम राजधानी सहित प्रदेशभर में सामान्य ही रहा और उमस की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदेश में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई।

सर्वाधिक वर्षा रायगढ़ में एक सेमी दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान रायपुर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।