जीवन में आनंद और खुशियां अपने हाथ में है: राज्यपाल डेका

रायपुर राज्यपाल रमेन डेका रविवार को तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम रायपुर द्वारा ‘गुड लाइफ-गुड लक‘ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जीवन में आनंद और खुशियां अपने हाथ में है। कम सुविधाओं में भी खुश रहा जा सकता है। समय का प्रबंधन भी बहुत जरूरी है।

राज्यपाल रमेन डेका ने मुनि सुधाकर एवं मुनि नरेश कुमार के सानिध्य में अनुभव एवं ज्योतिष शास्त्र पर आधारित विशेष प्रवचन कार्यक्रम में अपने विचार रखते हुए कहा कि दुनिया एक मंच है जिसमें सभी की भूमिकाएं निर्धारित है। जिसको निभाना है ।समाज के बारे में भी हमें सोचना है। समाज ने हमको क्या दिया यह न सोचकर हम समाज को क्या दे रहे है यह सोचें।

राज्यपाल डेका ने कहा कि हमे पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण के बारे में भी जागरूक होना है। जल की बरबादी रोकें और वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था को बढ़ावा दे। जनसंख्या और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है। वर्तमान युग में सादा जीवन बहुत मुश्किल है। हमारे लिए धन केवल उतना ही जरूरी है जितना खान-पान, बीमारी, अतिथि सत्कार के लिए जरूरत है। अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से बचना होगा। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल सही तरीेके से हो इस पर ध्यान देना है। उन्होंने मोबाइल के ज्यादा उपयोग को नुकसानदायक बताया।