Stree 2 के कोरियोग्राफर पर 21 साल की लड़की के यौन उत्पीड़न का आरोप, पीड़ित बोलीं- मेरे साथ कई बार…

नई दिल्ली। चकाचौंध से भरी ग्लैमर की दुनिया से पर्दे के पीछे होने वाले नजारे को लेकर कई बार चौंका देने वाले खुलासे होते हैं। हाल फिलहाल में हेमा कमेटी रिपोर्ट के तहत मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में एक्ट्रेस के यौन उत्पीड़न के एक बाद एक कई मामले सामने आए, जिसे जानने के बाद लोग हैरत में पड़ गए थे।

वहीं, अब सेक्शुअल हैरसमेंट के खुलासे की ये आग साउथ के दूसरे रीजन और बॉलीवुड तक भी फैल गई है।इंडियन सिनेमा के जाने माने कोरियोग्राफर शेख जानी बाशा (जानी मास्टर) के खिलाफ 21 साल की लड़की के साथ कई बार यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है।

जानी मास्टर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जानी मास्टर के खिलाफ हैदराबाद के रायदुर्गम पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। 21 साल की एक महिला कोरियोग्राफर ने उनके खिलाफ पुलिस कम्पलेन दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि जानी मास्टर ने उन्हें कई बार सेक्शुअली अब्यूज किया है।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, आरोप लगाने वाली ये महिला पिछले कई महीने से जानी मास्टर के साथ काम कर रही है। उन्होंने दावा किया है कि जानी मास्टर ने उन्हें आउटडोर शूट्स के साथ कई बार सेक्शुअली हैरस किया है। चेन्नई, मुंबई और हैदराबाद में शूट के दौरान कई बार जानी मास्टर के सेक्शुअली हैरस करने का आरोप लगा है।

रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से कहा गया है कि जानी मास्टर ने पीड़ित को नारसिंगी में कई बार सेक्शुअली हैरस किया है। महिला वहीं की रहने वाली है, ऐसे में इस केस को वहीं के पुलिस में ट्रांसफर किया गया है। मामले की इन्वेस्टिगेशन जारी है।

सेक्शन 376 (2) के तहत दर्ज हुई एफआईआर

जानी मास्टर के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में धारा 376 के क्लॉज 2, क्रिमिनल इंटीमिडेशन के तहत धारा 506 और धारा 323 के तहत जानबूझ कर किसी को चोट पहुंचाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। तेलंगाना से वुमन सेफ्टी विंग की डीजी, शिखा गोयल ने कहा कि फिल्म फ्रैटरनिटी के लोगों ने उनसे इस बारे में संपर्क किया ताकि वह इस मामले में उन्हें गाइड कर सकें।