नगर पालिका बांकी मोंगरा में सुविधाओं का टोटा, जनता बेहाल

कोरबा,16 सितंबर (वेदांत समाचार)।कोरबा जिले में बनाए गए नगर पालिका बांकी मोंगरा में सुविधाओं की कमी के कारण लोग परेशान हैं। नगर पालिका के अधिकारियों के अनुसार, काम शुरू नहीं हुआ है, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

बांकी मोंगरा को नगर पालिका बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, ताकि लोगों को कोरबा जैसे दूरस्थ स्थानों पर जाने की जरूरत न हो और क्षेत्र का विकास तेजी से हो सके। नगर पालिका में कर्मचारियों की पदस्थापना भी कर दी गई है, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

राशन कार्ड से संबंधित समस्याएं सबसे बड़ी चुनौती हैं। लोग सत्यापन और नाम कटवाने के लिए नगर पालिका के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याएं समाप्त नहीं हो पा रही हैं। एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपने राशन कार्ड में एक सदस्य का नाम कटवाने के लिए दो माह से नगर पालिका के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसकी समस्या समाप्त नहीं हो पाई है।

इससे लगता है कि नगर पालिका बांकी मोंगरा लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। अब देखना होगा कि जनता की सहनशीलता कितने दिनों तक रह पाती है।