ACCIDENT BREAKING NEWS: अनियंत्रित होकर पलटी बस : दर्जनभर यात्री घायल, 2 की हालत नाजुक

रायगढ़,29 जुलाई। बारिश के दिनों में घाट और सड़कों की जर्जरता दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। रायगढ़ जिले के धर्मनगर आंचल में पखवाड़े भर में दूसरी बार बस दुर्घटना घटित हुई है, जिसमें दर्जनभर यात्री घायल हो गए हैं और दो की हालत नाजुक बनी हुई है।

रायगढ़ से जय माता दी बस (क्रमांक सीजी 14 जी 0371) अपने निर्धारित समय से रायगढ़ से जशपुर के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों को लेते-छोड़ते हुए बस अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी, तभी सुबह करीब 10:30 बजे बस की रफ्तार ज्यादा होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस बेकाबू होकर पलट गई।

हादसे के बाद बस में सवार घायलों और राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ टीआई अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य में जुट गए। पुलिसकर्मियों ने तेजी से घायलों को बस से निकालकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में बुरी तरह से जख्मी हुई महिला बसंती बघेल (ग्राम दोकडा निवासी) और जसिता लकड़ा (ग्राम बनारी निवासी) को तत्काल धरमजयगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस की रफ्तार अधिक थी और सड़कों की खराब स्थिति ने भी इस दुर्घटना में अहम भूमिका निभाई। बारिश के कारण सड़कों की स्थिति और भी खराब हो गई है, जिससे वाहन चालक नियंत्रण खो देते हैं। प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत और सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।