वाशिंगटन डीसी,06जुलाई । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गोल्फ कोर्स के पास हवाई क्षेत्र में एक अज्ञात विमान की घुसपैठ से हड़कंप मच गया। इसे अमेरिका के F-16 फाइटर जेट ने इंटरसेप्ट किया। इसके बाद उसका पीछा करके बाहर खदेड़ दिया। ट्रंप की सुरक्षा में सेंध लगने से ह्वाइट हाउस और पेंटागन में भी हलचल मच गई है। मामले की जांच की जा रही है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेडमिंस्टर, न्यू जर्सी स्थित गोल्फ क्लब के ऊपर अस्थायी रूप से प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में एक आम विमान घुसपैठ कर गया। इसके बाद सुरक्षा महकमे में हलचल मच गई। हालांकि तेजी से अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान ने उस विमान को इंटरसेप्ट करके इलाके से बाहर निकाल दिया। यह जानकारी अमेरिकी सैन्य बलों ने एक बयान में दी है।
नॉर्थ अमेरिकन डिफेंस कमांड ने की घटना की पुष्टि
राष्ट्रपति ट्रंप के गोल्फ कोर्स के ऊपर अज्ञात विमान के घुसने की पुष्टि नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड (NORAD) ने भी कर दिया है। इसके अनुसार यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2:39 बजे घटित हुई। पिछले कुछ माह में इस प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में हुई यह पांचवीं अनधिकृत घुसपैठ थी।
अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड के एक प्रवक्ता ने कहा कि F-16 फाइटर जेट ने इंटरसेप्ट करने के बाद उसका पीछा किया और प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर खदेड़ दिया। यह अज्ञात विमान कौन था?…अब इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।



