Kawar Yatra 2024 : कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं के लिए लॉन्च किया गया पोर्टल, एक क्लिक पर मिलेगी सभी सुविधाओं की जानकारी

सहारनपुर जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों के लिए डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है। मण्डलायुक्त ऋषिकेश भास्कर ने वेब पेज लिंक एवं क्यूआर कोड का लोकार्पण किया है। इसके माध्यम से यात्री शौचालय, चिकित्सा शिविर, पेट्रोल स्टेशन, ढाबा, थाना, रूट डायवर्जन, कांवड़ शिविर आदि पता लगा सकेंगे।

प्रमुख स्थानों को गूगल मैप से जोड़ा गया

मंडलायुक्त ऋषिकेश भास्कर ने बताया, कि वेब पेज लिंक एवं क्यूआर कोड कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिहाज से सराहनीय है। इस लिंक को गूगल मैप से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से कांवड़ियों को विभिन्न जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया, कि कांवड़ यात्रा के दौरान अन्य जनपदों एवं राज्यों के श्रद्धालु सहारनपुर से होकर गुजरते हैं। पोर्टल के जरिए उनकी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्य कांवड़ मार्ग, मेन चौराहों सहित अन्य प्रमुख स्थानों को मैप से जोड़ा गया है।

एक क्लिक से कांवड़ियों को मिलेंगी सुविधाएं

जिलाधिकारी ने बताया, कि पोर्टल पर सभी तरह की सुविधाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध रहेगी। एक क्लिक या स्कैन करने पर कांवड़ियों को सभी सुविधाओं के बारे में जानकारी मोबाइल पर प्राप्त हो जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ अर्चना द्विवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।