पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल भेजकर मौत की असली वजहों की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग में विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार शाम लगी आग पर 12 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया है। आग बुझाने में दमकल विभाग की 6 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत की। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई और लाखों का माल जलकर खाक हो गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, एक शख्स जो लिफ्ट में फंसा था, उसे निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी मौत हो गई। शुक्रवार शाम 6:44 बजे फायर ब्रिगेड को आग की सूचना मिली थी। आग इतनी भीषण थी कि पूरे चार मंजिला मॉल में फैल गई।
मॉल में कपड़े, ग्रोसरी का सामान और जूते-चप्पल जैसी चीजें थीं, जिनमें आग तेजी से फैलती है। आग बुझाने के बाद अब कूलिंग का काम जारी है ताकि दोबारा आग न भड़के। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल भेजकर मौत की असली वजहों की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं।



