उज्जवल तिवारी,गौरेला, पेंड्रा,03 जुलाई 2025: जिले में पिछले 24 घंटों से रुक-रुककर हो रही बारिश से दूरस्थ पहाड़ी इलाकों में बहने वाले नदी नाले उफान पर हैं। कई सड़कों पर आवागमन बाधित हुआ है, जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। मध्यप्रदेश के जबलपुर अमरकण्टक होते हुए रतनपुर और बिलासपुर को जोड़ने वाली निर्माणाधीन नेशनल हाइवे का एप्रोच रोड तीन जगहों से कट गया है, जिसके बाद कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। गौरेला के कोटमीखुर्द गांव में नदी नाले में बारिश के पानी से उफान पर है, पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। कोटमीखुर्द को उमरखोही से जोड़ने वाले सड़क में स्थित पुलिया के ऊपर से बारिश का पानी निकल रहा है।

इस मार्ग पर पड़ने वाले कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क भी कट गया है, जिसके चलते इस सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते कुछ जगहों में बिजली के खंभे भी टूट गए हैं, जिसके चलते ग्रामीण इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित हुई है।

फैनिंन नाला में एक कार जब पुल के ऊपर से पानी बहने के दौरान निकलने के दौरान बाढ़ के पानी में बहने लगा, तो आसपास के लोगों ने कार में फंसे राहगीरों को सुरक्षित बाहर निकाला और उसके बाद जेसीबी की मदद से कार को भी बाहर निकाला गया।

इस दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। कारी आम मुख्यमार्ग पर एक ट्रक के फंस जाने से आवाजाही कई घंटों तक बाधित रही, जिसके बाद उसे जेसीबी की मदद से ट्रक को निकालकर जाम खुलवाया गया।



