अरपा नदी के दोनों और सड़क निर्माण से यातायात होगा सुगम

विनीत चौहान / बिलासपुर 16 मई ( वेदांत समाचार ) । बिलासपुर स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत अरपा नदी के दोनों और सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण योजना की लागत 93 करोड़ 70 लाख रुपये है। योजना के अंतर्गत नदी के दोनों किनारों पर इंदिरा सेतु से शनिचरी रपटा तक 1.80 किलोमीटर की फोरलेन आधुनिक सड़क बनाई जायेगी। इस सड़क निर्माण से शहर का यातायात सुगम तरीके से संचालित हो सकेगा। नेहरू चैक से शहर के व्यस्ततम गोल बाजार-सदर बाजार और शनिचरी बाजार की ओर जाने के लिए शहरवासियों को एक व्यवस्थित वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। इसी तरह सरकंडा की ओर भी लोगों को अतिरिक्त मार्ग की सुविधा मिलेगी। इससे शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा। प्रोजेक्ट में नदी के दोनों ओर फोरलेन सड़क में डिवाइडर के साथ-साथ सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। सड़क की पूरी लंबाई में स्ट्रीट और सोलर लाइट भी लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त आकर्षक दिशा सूचक बोर्ड एवं बैठने की व्यवस्था भी होगी।

नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक अजय त्रिपाठी ने बताया कि अरपा नदी में जमे सिल्ट को इस प्रोजेक्ट के तहत हटाने का भी काम शुरू किया जाएगा। इससे बिलासपुर का जल स्तर रिचार्ज होगा। अरपा के जल को दूषित होने से बचाने के लिए सड़क के दोनों ओर पेरीफेरियल नाले बनाए जाएंगे। इसके अंतर्गत शहर के गंदे पानी को नाले के जरिए पंपिग स्टेशन से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा तथा साफ पानी नदी में छोड़ा जाएगा। इससे अरपा को दूषित होने से बचाया जा सकेगा। इस कार्य में अरपा के उत्थान के साथ-साथ तट संवर्धन का भी कार्य शामिल है, जिसमें नदी के दोनों ओर तट पर पीचिंग कार्य एवं तट से लगे भूमि पर खूबसूरत लैंड स्कैपिंग कर उद्यान विकसित करने की भी योजना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोरोना काल ने हमारे समक्ष गंभीर चुनौतियां खड़ी की। हम सबने इसका सफलतापूर्वक सामना किया और नियंत्रित करने में सफल रहे। उम्मीद है कि जल्द ही सब कुछ सामान्य होगा। बिलासपुर में भी तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी को हम सबको गंभीरता से लेकर सावधान रहना है। प्रदेश में कोविड टीकाकरण तेजी से हो रहा है। लेकिन इसके बाद भी हमें मास्क पहनना है और सोशल डिस्टेंसिंग रखना है।


श्री बघेल ने कहा कि महामारी के दौरान भी आर्थिक चुनौतियों से निपटने मंे भी हम सक्षम हुए है। सरकार ने शुरू से ही ऐसी योजनाएं बनाई जिससे जीवन बेहतर हो। कोरोना काल में गैर जरूरी खर्चाें पर लगाम लगाने के लिए मितव्यता बरती जा रही है किन्तु विकास कार्य नहीं रूकेंगे और नागरिक जरूरतों पर खर्च प्राथमिकता से किए जाएंगे। बिलासपुर में लंबे समय से अरपा को लेकर जो मांग थी और यहां के जनता से जो वादे किये गये थे वह पूरा किया जा रहा है।


श्री बघेल ने कहा कि अरपा के साथ-साथ नदी के दोनों और बनाये जा रहे सड़क भी बिलासपुर के गौरव में शामिल हो ऐसा यह सड़क बनाया जाएगा।जिले के प्रभारी मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में अरपा नदी के विकास के लिए जो परिकल्पना की थी उसका शुभांरभ आज हो रहा है। अरपा शब्द हमारी संस्कृति एवं सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि श्री बघेल के नेतृत्व में कोरेाना काल में सभी योजनाओं का संचालन करते हुए कोरोना प्रबंधन सफलतापूर्वक किया गया। जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने अरपा नदी के दोनों और सड़क निर्माण को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को दिए।


नगरीय प्रशासन मंत्री डाॅ. शिव डहरिया ने अपने संबोधन में कहा कि अरपा नदी बिलासपुर की जीवनदायिनी नदी है। मुख्यमंत्री श्री बघेल की सोच है कि राज्य की नदियों का विकास हो। इसी का परिणाम है कि अरपा नदी को पुनर्जीवित करने के लिए योजनाएं बनाई गई जिससे बिलासपुर का जल स्तर बढे़गा। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए 20 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए है। पुरानी परियोजनाओं का कार्य भी शीघ्र पूर्ण हो जिससे बिलासपुर के निवासियों का इसका लाभ मिले।प्रार्थना सभा भवन में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित संसदीय सचिव श्रीमती रश्मि सिंह ने कहा कि अरपा के सुखने से शहर का जल स्तर नीचे चला जाता था लेकिन अरपा विकास परियोजना के तहत शिवघाट और पचरीघाट में बैराज निर्माण से जल स्तर सुधरेगा। बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय ने कहा कि बिलासपुर के लोगों की बरसों पुरानी मांग पूरी हुई है। कोरोना काल में भी मुख्यमंत्री श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ मंे विकास का पहिया रूकने नहीं दिया। महापौर रामशरण यादव ने कहा कि नदी के दोनों और सड़क बनने से यातायात का दबाव कम होगा और नेहरू चैक से दोमुहाने तक सुगम यातायात होगा।कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर ने स्वागत उद्बोधन दिया और अरपा विकास परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री बघेल ने रिमोट के माध्यम से शिलान्यास के शिलालेख का अनावरण किया। कार्यक्रम के अंत मंे आभार प्रदर्शन नगर निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी ने किया।


इस अवसर पर संभागायुक्त डाॅ. संजय अलंग, आईजी रतनलाल डांगी, पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल, नगर निगम के सभापति शेख नजरूद्दीन, अटल श्रीवास्तव, प्रमोद नायक, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी तथा अन्य उपस्थित थे।