राजधानी में जलसंकट : BJP ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन

नई दिल्ली,16 जून 2024। देश की राजधानी में पानी की किल्लत को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विरोध-प्रदर्शन के साथ ही इस मुद्दे पर भाजपा सांसद भी सरकार को घेरने में जुटे हैं। पेयजल संकट पर भाजपा दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर ‘मटका फोड़’ प्रदर्शन कर रही है। पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पानी की कमी के मुद्दे पर दिल्ली सरकार के खिलाफ नजफगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले कल कांग्रेस ने कल जल संकट को लेकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया था।

भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘दिल्ली में जल संकट का अगर कोई जिम्मेदार है तो वह अरविंद केजरीवाल और आप सरकार है। दिल्ली में जल संकट प्राकृतिक नहीं है। इनकी लापरवाही, पानी की चोरी, पानी की बर्बादी मूल कारण है जिसकी वजह से दिल्ली में जल संकट है। 10 साल से आप की सरकार है, 2024 तक हर घर जल का वादा अरविंद केजरीवाल ने किया था, उस वादे का क्या हुआ?’

नई दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने दिल्ली में पानी की कमी को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ ‘मटका-फोड़’ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

कांग्रेस ने 280 ब्लॉकों में किया था मटका फोड़ प्रदर्शन
शनिवार को कांग्रेस ने पानी की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार के साथ ही केंद्र पर निशाना साधा। शनिवार को जल संकट को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली के सभी 280 ब्लाॅक में मटका फोड़ प्रदर्शन किया।